Tuesday, December 11, 2018

सात सीटों पर मतगणना शुरू, पहले राउंड के बाद आरिफ अकील आगे, मंत्री उमाशंकर गुप्ता पीछे

राजधानी की सात विधानसभा सीटों के लिए पुरानी जेल में मतगणना शुरू हो गई है। डाक मतपत्रों की गिनती के बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू होगी। संभवत: 9 बजे पहले राउंड के परिणाम आ जाएंगे। इसके बाद औसत हर 15 से 20 मिनट में राउंडवार परिणाम मिलने शुरू होंगे। सबसे पहले बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के परिणाम आने की संभावना है।

भोपाल उत्तर पर पहले राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस के आरिफ अकील 1400 वोटों से आगे हैं। वहीं, दक्षिण-पश्चिम सीट से उमाशंकर गुप्ता पीछे चल रहे हैं। वहीं, गोविंदपुरा सीट पर भाजपा की कृष्णा गौर मामूली अंतर से आगे चल रही हैं। भोपाल की हुजूर सीट से नरेश ज्ञानचंदानी 700 मतों से आगे, भाजपा के रामेश्वर शर्मा पीछे चल रहे हैं। 

हर विधानसभा सीट के वोटों की गिनती 14-14 टेबलों पर

बैरसिया सीट पर सबसे कम 266 बूथ हैं। दोपहर 1:30 बजे तक परिणाम सामने आ जाएंगे। यहां त्रिकोणीय मुकाबला भाजपा के विष्णु खत्री, कांग्रेस की जयश्री हरिकरण अौर निर्दलीय ब्रह्मानंद रत्नागर (भाजपा के बागी) के बीच।
उत्तर सीट पर 295 बूथ हैं। परिणाम दोपहर 2:30 बजे तक आ जाएंगे। यहां भाजपा की फातिमा सिद्दीकी व कांग्रेस के आरिफ अकील के बीच मुख्य मुकाबला है। 
दक्षिण-पश्चिम पर 284 बूथ हैं। यहां परिणाम दोपहर 3 तक आ जाएंगे। यहां उमाशंकर गुप्ता(भाजपा) व पीसी शर्मा (कांग्रेस) के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
मध्य सीट के 292 बूथ हैं। परिणाम दोपहर 3:30 तक आने की उम्मीद है। यहां कांग्रेस के आरिफ मसूद और भाजपा के सुरेंद्रनाथ सिंह के बीच मुकाबला है। 
हुजूर में 367 पोलिंग बूथ हैं। रिजल्ट शाम 4:30 बजे तक आ सकता है। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नरेश ज्ञानचंदानी और भाजपा के रामेश्वर शर्मा के बीच है।
नरेला में पोलिंग बूथों की संख्या 371 है। शाम 5 बजे तक परिणाम आ सकते हैं। मुख्य मुकाबला विश्वास सारंग (भाजपा) व महेंद्र सिंह चौहान (कांग्रेस) के बीच है।
गोविंदपुरा में सबसे ज्यादा 384 बूथ हैं। परिणाम शाम 5:30 के बाद आ सकते हैं। यहां कांग्रेस के गिरीश शर्मा और भाजपा की कृष्णा गौर के बीच कड़ी टक्कर है।
भोजपुर सीट के परिणाम दोपहर 1 बजे तक आ जाएंगे। यहां 299 बूथ हैं। यहां मुकाबला कांग्रेस के सुरेश पचौरी और भाजपा के सुरेंद्र पटवा के बीच है।

No comments:

Post a Comment